Homeभोजपुरबिहिया में दर्दनाक हादसा: पिज़्ज़ा खाने के बाद 10वीं के छात्र की...

बिहिया में दर्दनाक हादसा: पिज़्ज़ा खाने के बाद 10वीं के छात्र की तबीयत बिगड़ी, इलाज के दौरान मौत

पिज़्ज़ा खाने के बाद 10वीं के छात्र की मौत, फूड पॉइज़निंग की आशंका

बिहार | भोजपुर: भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां पिज़्ज़ा खाने के कुछ ही घंटों बाद एक नाबालिग छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ गई और इलाज के लिए ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मृतक की पहचान बिहिया नगर ब्लॉक रोड निवासी सरकारी शिक्षक विनय कुमार केसरी के 15 वर्षीय पुत्र बलवीर विनय के रूप में हुई है। बलवीर दसवीं कक्षा का छात्र था और इसी वर्ष बिहार बोर्ड की परीक्षा में शामिल होने वाला था।
रात में खाया पिज़्ज़ा, सुबह बिगड़ी हालत
परिजनों के अनुसार, गुरुवार की रात बलवीर ने अपने एक दोस्त के घर के पास स्थित दुकान से पिज़्ज़ा खाया था। देर रात तक वह सामान्य था, लेकिन अहले सुबह अचानक दस्त और उल्टी शुरू हो गई। हालत तेजी से बिगड़ने लगी और वह घर में ही गिर पड़ा।

PHC से सदर अस्पताल तक चला इलाज
परिजन उसे तत्काल बिहिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर बताते हुए उसे आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि आरा ले जाने के दौरान ही उसकी हालत और बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फूड पॉइज़निंग की आशंका
चिकित्सकीय दृष्टिकोण से प्रारंभिक तौर पर फूड पॉइज़निंग को मौत का कारण माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

परिवार में मातम
घटना के समय मृतक के पिता विनय कुमार केसरी रिश्तेदारी में बक्सर गए हुए थे और देर रात घर लौटे थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में कोहराम मच गया है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने खाद्य पदार्थ बेचने वाली दुकानों की गुणवत्ता जांच की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments