Bihar, कैमूर: कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भैरोपुर गांव की एक पीड़ित महिला ने सोमवार को भभुआ समाहरणालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। पीड़िता ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पीड़िता संजू देवी, पति राजेश कुमार, ने बताया कि 10 जनवरी को गांव के ही गुड्डू सिंह एवं उनके सहयोगियों द्वारा उनके परिवार के साथ मारपीट की गई थी। इस घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से भगवानपुर थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
“पुलिस ने केवल हमारे पक्ष पर की कार्रवाई”
संजू देवी का आरोप है कि मामले में पुलिस की कार्रवाई पूरी तरह एकतरफा रही। उनके अनुसार पुलिस ने उनके पक्ष के कुछ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि उनके द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर दूसरे पक्ष के किसी भी आरोपी के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि इस कारण उनका पूरा परिवार भय और मानसिक तनाव में जी रहा है। न्याय की उम्मीद में उन्होंने कई बार थाना स्तर पर गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होने पर उन्हें मजबूरन समाहरणालय आकर पुलिस अधीक्षक से मिलना पड़ा।
एसपी ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश
आवेदन मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने मौके पर ही एससी-एसटी थाना से फोन पर बातचीत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पीड़िता को बंधी न्याय की उम्मीद
पीड़िता संजू देवी ने बताया कि एसपी द्वारा जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद उन्हें न्याय मिलने की कुछ उम्मीद जगी है। उन्होंने मांग की है कि दोषी पक्ष के लोगों पर भी कानून के तहत समान कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें और उनके परिवार को न्याय मिल सके।



