Bihar, कैमूर: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नौघरा में पटाखा बम जलाकर एक घर के अंदर फेंकने की घटना ने अचानक विवाद का रूप ले लिया। विरोध करने पर गृहस्वामी के साथ मारपीट की गई, जिसमें वे घायल हो गए। मामले को लेकर चैनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौघरा निवासी दीवान इम्तियाज़ खान ने थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि सोमवार की शाम लगभग 6:30 बजे उनका पुत्र आसिफ खान घर के अंदर बैठा हुआ था। इसी दौरान पड़ोस के कुछ लोगों द्वारा जलता हुआ पटाखा बम उनके घर के भीतर फेंक दिया गया। पटाखा तेज धमाके के साथ फटा, जिससे घर में लगे पर्दे में आग लग गई। घटना के समय पास में मौजूद युवक बाल-बाल बच गया।
इम्तियाज़ खान के अनुसार, जब उन्होंने इस हरकत का विरोध किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। मारपीट में वे घायल हो गए। परिजनों द्वारा उन्हें चैनपुर थाना ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इलाज के बाद उन्होंने लिखित शिकायत दर्ज कराई।
इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि मारपीट की घटना को लेकर प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



