Homeचैनपुरदेसी कट्टा लहराते फोटो वायरल, चैनपुर पुलिस की छापेमारी में दो गिरफ्तार,...

देसी कट्टा लहराते फोटो वायरल, चैनपुर पुलिस की छापेमारी में दो गिरफ्तार, अमांव से बरामद हुआ कट्टा; एक नाबालिग भी निरुद्ध

कैमूर: हथियार के साथ फोटो वायरल, चैनपुर पुलिस ने 2 युवकों को पकड़ा

Bihar:  कैमूर, चैनपुर: सोशल मीडिया पर हथियार के साथ युवक की तस्वीर वायरल होने के बाद कैमूर जिले की चैनपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में एक नाबालिग को विधि विरुद्ध बालक के रूप में निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक देसी कट्टा भी बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हथियार रखने और उसकी खरीद-बिक्री के मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। गिरफ्तार युवकों की पहचान नाउडीह गांव निवासी कमलेश पासवान के पुत्र नीरज कुमार और अमांव गांव निवासी लक्ष्मण केसरी के पुत्र विशाल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

आर्म्स एक्ट
आर्म्स एक्ट

वायरल तस्वीर से खुला हथियार की खरीद-बिक्री का मामला

मामले में मिली जानकारी के अनुसार, चैनपुर पुलिस को सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर मिली थी, जिसमें एक युवक हाथ में देसी कट्टा लिए दिखाई दे रहा था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की और थाना क्षेत्र के चौकीदारों के माध्यम से तस्वीर में दिख रहे युवक की पहचान कराई। पहचान के बाद पुलिस संबंधित युवक तक पहुंची। जांच के दौरान उसके नाबालिग होने की जानकारी मिली। पूछताछ में उसने तस्वीर को अपना बताया और पुलिस को जानकारी दी कि तस्वीर में दिखाई दे रहा कट्टा उसने अपने एक दोस्त को दिया था।

छह हजार रुपये में कट्टा बेचने की बात आई सामने

नाबालिग से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके दोस्त के घर छापेमारी की। पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम नीरज कुमार बताया। पुलिस के अनुसार, कट्टे और वायरल तस्वीर के संबंध में पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसने संबंधित कट्टा अमांव गांव निवासी विशाल कुमार को छह हजार रुपये में बेच दिया था। इसके बाद पुलिस दोनों युवकों को साथ लेकर अमांव गांव पहुंची। वहां छापेमारी के दौरान विशाल कुमार अपने घर पर मिला। पूछताछ में उसने कट्टे को अपना बताया। पुलिस ने तलाशी के दौरान घर में रखे लोहे के एक बक्से से बिना कारतूस का एक देसी कट्टा बरामद किया। हथियार बरामद होने के बाद पुलिस तीनों को चैनपुर थाना लेकर पहुंची, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।

थानाध्यक्ष ने की कार्रवाई की पुष्टि

इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियार के साथ तस्वीर वायरल होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को विधि विरुद्ध बालक के रूप में निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने एक देसी कट्टा भी बरामद किया है। थानाध्यक्ष के अनुसार, मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments