Homeनालंदादर्दनाक सड़क हादसा: मवेशी को बचाने की कोशिश में कार 20 फीट...

दर्दनाक सड़क हादसा: मवेशी को बचाने की कोशिश में कार 20 फीट गड्ढे में गिरी, इंजीनियरिंग कॉलेज के 4 छात्रों की मौत

नालंदा सड़क हादसा: मवेशी को बचाने में कार गड्ढे में गिरी, इंजीनियरिंग कॉलेज के 4 छात्रों की मौत

Bihar: नालंदा, चंडी-सरमेरा स्टेट हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में नालंदा इंजीनियरिंग कॉलेज के चार छात्रों की जान चली गई, जबकि एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना चंडी थाना क्षेत्र के गौढ़ा गांव के पास हुई, जहां तेज रफ्तार कार मवेशी को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरी। पुलिस के अनुसार हादसा करीब डेढ़ बजे हुआ। कार में सवार सभी छात्र इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (EEE) शाखा के तीसरे सेमेस्टर के विद्यार्थी थे और उनकी उम्र लगभग 24 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने जोरदार आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS Newsइस हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान कटिहार जिले के राहुल रंजन, जमुई के आशीष कुमार, रोहतास के शशिकांत कुमार और समस्तीपुर के उत्सव कुमार के रूप में हुई है। वहीं गया जिले के धीरज कश्यप गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि सभी छात्र काले रंग की कार में सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक मवेशी आ गया। उसे बचाने की कोशिश में चालक ने ब्रेक लगाया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलटते हुए करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। गड्ढे में पानी भी भरा हुआ था, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। घटनास्थल पर सड़क पर दूर तक टायर घिसटने के निशान मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कार तेज रफ्तार में थी। पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान एक छात्र ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि अन्य तीन की मौके पर ही मौत हो गई थी।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और कॉलेज प्रशासन व परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है।
जांच के दौरान पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त कार वर्ष 2021 में खरीदी गई थी और इसका पंजीकरण पटना जिले के फुलवारीशरीफ निवासी मोहम्मद अरशद के नाम पर था। उन्होंने बताया कि कार बाद में एजेंसी को बेच दी गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह वाहन हाल ही में गया के धीरज कश्यप ने खरीदी थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था और चालक के पास वैध लाइसेंस था या नहीं। पुलिस को कार से पूजा सामग्री भी मिली है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि छात्र चैती नवरात्रि के पहले दिन मंदिर दर्शन कर लौट रहे थे। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और घायल छात्र के बयान के बाद हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments