Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना परिसर के सामने स्थित मां दुर्गा मंदिर में रविवार को एक प्रेमी जोड़े का विवाह चर्चा का विषय बन गया। अचानक हुई इस शादी को देखने के लिए मंदिर परिसर में काफी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। खास बात यह रही कि यह विवाह दोनों पक्षों के परिजनों की सहमति से संपन्न कराया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
प्राप्त जानकारी के अनुसार धरहरा गांव निवासी मुनिब राम की पुत्री छांगूर कुमारी और तिवई गांव निवासी नारायण राम के पुत्र विकास कुमार के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे से विवाह करना चाहते थे, लेकिन पारिवारिक सहमति नहीं बनने के कारण शादी में लगातार बाधा आ रही थी।
बताया जाता है कि रविवार की दोपहर युवती अपने परिजनों के साथ किसी पारिवारिक मसले को लेकर चैनपुर थाना पहुंची थी। इसी बीच इसकी सूचना युवक के परिजनों को भी मिल गई, जिसके बाद वे भी थाना परिसर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और आपसी सहमति से युवक-युवती की शादी कराने का निर्णय लिया गया।
फिर क्या था, मौके पर ही “चट मंगनी पट ब्याह” की तर्ज पर विवाह की तैयारी कर दी गई। थाना के सामने स्थित मां दुर्गा मंदिर में स्थानीय लोगों और दोनों परिवारों की मौजूदगी में युवक-युवती ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इसके बाद युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भरकर विधिवत विवाह की रस्म पूरी की। अचानक हुए इस विवाह को देखने के लिए मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए और पूरे क्षेत्र में यह शादी चर्चा का विषय बनी रही।



