Homeचैनपुरतेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से युवक की मौत, इलाज के दौरान...

तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से युवक की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम, एक्सप्रेसवे निर्माण में लगे भारी वाहनों पर उठे सवाल

चैनपुर में हाइवा की टक्कर से युवक की मौत, एक्सप्रेसवे डंपरों पर सवाल

Bihar, कैमूर/चैनपुर: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को सिरसी नहर के समीप हुए एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान इलिया गांव निवासी रवि शर्मा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार का माहौल बन गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बाइक को हाइवा ने मारी जोरदार टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार रवि शर्मा रविवार को अपनी बाइक से सिरसी नहर के रास्ते जा रहा था। इसी दौरान एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य में लगे तेज रफ्तार हाइवा डंपर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रवि सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही बेहोश हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

ई-रिक्शा चालक ने दिखाई इंसानियत
इसी बीच वहां से गुजर रहे एक ई-रिक्शा चालक ने मानवीय पहल दिखाते हुए घायल रवि को अपने ई-रिक्शा में लिटाकर अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। मदुरना गांव के समीप ई-रिक्शा चालक ने एक पुलिस वाहन को रुकवाया और घायल युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान ही रवि शर्मा ने दम तोड़ दिया।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
रवि की मौत की खबर मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद इलिया गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पहले भी हो चुकी हैं कई घटनाएं
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए हाइवा डंपरों से लगातार मिट्टी ढुलाई का कार्य चल रहा है। इन भारी वाहनों की रफ्तार काफी तेज रहती है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। कुछ समय पहले भी हाइवा से बचने के दौरान मसोई करजी वाले मार्ग में एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया था, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग सवार थे। उस हादसे में इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा भी कई घटनाओं में लोग घायल हो चुके हैं।

इस मामले में पूछे जाने पर चैनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल दुर्घटना को लेकर कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments