Bihar | कैमूर: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मदुरना में शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। खेत में काम करने के बाद तालाब में हाथ-पैर धोने गए एक युवक की पैर फिसलने से तालाब में डूबकर मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मृतक की पहचान ग्राम मदुरना निवासी 28 वर्षीय अभिषेक कुमार, पिता स्वर्गीय राधेश्याम सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अभिषेक कुमार खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
घटना का पूरा विवरण
ग्राम पंचायत मदुरना के पूर्व मुखिया प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर करीब 3 बजे अभिषेक कुमार खेत से काम कर लौटे थे। घर के सामने स्थित एक छोटे तालाब में वह हाथ-पैर धोने लगे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह तालाब के गहरे पानी में चले गए। दुर्भाग्यवश, घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे समय पर उन्हें बचाया नहीं जा सका।
करीब एक घंटे बाद जब कुछ बच्चे तालाब के पास खेलने पहुंचे तो उन्होंने पानी में शव को उपलाया हुआ देखा। बच्चों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और शव को तालाब से बाहर निकाला, तब उनकी पहचान अभिषेक कुमार के रूप में हुई।
अस्पताल में किया गया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलने पर चैनपुर थाना और अंचल कार्यालय को अवगत कराया गया। युवक को चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अभिषेक कुमार दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी और उनका एक डेढ़ से दो वर्ष का छोटा बेटा है। अचानक हुई इस दुखद घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस और प्रशासन का बयान
इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि तालाब में डूबने से युवक की मौत की पुष्टि सीएचसी में की गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है।
वहीं चैनपुर सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, हालांकि अब तक मामले से संबंधित कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।



