कैमूर (मोहनियां): राष्ट्रीय राजमार्ग पर लापरवाही और सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण एक और जान चली गई। बुधवार अहले सुबह मोहनियां थाना क्षेत्र में महाराणा प्रताप महाविद्यालय के समीप जीटी रोड पर तीन वाहनों की जोरदार टक्कर में एक ट्रक खलासी की मौत हो गई, जबकि चालक और डायल 112 पुलिस के दो जवान घायल हो गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले एक अज्ञात ट्रक से टकराकर बालू लदा डंपर सड़क पर खड़ा था। टक्कर के बाद बालू सड़क पर बिखर गया था। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही थी। इसी दौरान झारखंड से गिट्टी लादकर पंजाब जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर खड़े डंपर से जा टकराया। सड़क पर फैले बालू के कारण ब्रेक नहीं लग पाया और टक्कर बेहद तेज हुई।
केबिन में फंसा खलासी, मौके पर मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक चला रहे खलासी अख्तर (निवासी बीकानेर, राजस्थान) केबिन में बुरी तरह फंस गए। करीब एक घंटे की मशक्कत और क्रेन की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ट्रक चालक विक्रम सिंह (25), निवासी बीकानेर, राजस्थान घायल हो गए। वहीं डायल 112 के दो पुलिस जवान भी ट्रक की चपेट में आने से जख्मी हो गए। सभी घायलों का अनुमंडल अस्पताल में इलाज जारी है।
प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही मोहनियां थाना पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि तीन वाहनों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सड़क पर खड़े वाहन बन रहे खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि जीटी रोड पर अक्सर वाहन खराब होने या टक्कर के बाद बिना उचित सुरक्षा व्यवस्था के खड़े रह जाते हैं, जिससे इस तरह की दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
प्रशासन और वाहन चालकों से अपील है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और आपात स्थिति में वाहन को सुरक्षित स्थान पर हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।



