Bihar, कैमूर (चैनपुर): जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से 14 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है। घटना को लेकर पिता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पीड़िता के पिता के अनुसार, 21 फरवरी 2026 की सुबह करीब 4 बजे उनकी पुत्री घर से शौच जाने की बात कहकर निकली थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिवार के लोग चिंतित हो गए और आसपास खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया गया, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिली।
बाद में ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर आशंका जताई गई कि गांव के ही एक युवक ने लड़की को शादी की नीयत से अपने साथ भगा लिया है। आरोप है कि जब परिजन युवक के घर पूछताछ करने पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए उन्हें भगा दिया तथा कथित तौर पर यह कहा कि लड़की की शादी उनके पुत्र से ही कराई जाएगी।
घटना से आहत परिजन चैनपुर थाना पहुंचे और लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। प्रभारी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। नाबालिग के अपहरण से जुड़े बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने परिजनों को आश्वस्त किया है कि किशोरी की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले को संवेदनशील मानते हुए आवश्यक विधिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।



