Bihar, Kaimur: चैनपुर थाना क्षेत्र के करजावं गांव में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 वर्षीय मासूम बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मिली जानकारी के अनुसार करजावं गांव निवासी बिगाऊ गौंड की 6 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी मंगलवार की शाम करीब 3 बजे आंगनबाड़ी केंद्र से पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थी। आंगनबाड़ी केंद्र सड़क के पूर्व दिशा में स्थित है। घर जाने के दौरान जैसे ही खुशी सड़क पार कर रही थी, उसी समय खरीगावां की ओर से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन तुरंत उसे चैनपुर सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया। वहां से भी बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजने की सलाह दी गई। परिजन एंबुलेंस से खुशी को वाराणसी ले गए, जहां बुधवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद परिजन बच्ची का शव लेकर सदर अस्पताल भभुआ पहुंचे। भभुआ थाना पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बिगाऊ गौंड के तीन बच्चे हैं — जिन्मे 8 वर्षीय रूचि कुमारी, 6 वर्षीय खुशी कुमारी (मृतका) और एक 2 वर्षीय पुत्र। मासूम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।



