Bihar, कैमूर/चैनपुर: चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चैनपुर बाजार में नशे की हालत में गाली-गलौज और झगड़ा कर माहौल बिगाड़ रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर की गई इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति टल गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान पिंटू पांडे उर्फ ललित आदित्य पांडे, पिता नवल किशोर पांडे, ग्राम ढोढी, थाना सोनहन के रूप में हुई है। बताया गया कि आरोपी किसी बात को लेकर बाजार में लोगों से उलझ रहा था और जोर-जोर से गाली-गलौज कर रहा था।
सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ की, तो उसके मुंह से तेज शराब की महक आ रही थी। इसके बाद उसे चैनपुर थाना लाया गया, जहां ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच कराई गई। जांच के दौरान युवक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि नशे की हालत में सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



