कैमूर (बिहार) — चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मेढ़ से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां तालाब में नहाने के दौरान 10 वर्षीय बच्ची की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मेढ़ निवासी स्वर्गीय संतोष बिंद की 10 वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे गांव की अन्य बच्चियों के साथ तालाब में नहाने गई थी। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।
बताया जा रहा है कि साथ में मौजूद अन्य बच्चियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे खुद भी डूबने लगीं, जिससे घबराकर बाहर निकल आईं। डर के कारण किसी ने तुरंत इस घटना की जानकारी नहीं दी। वहीं, मौके पर मौजूद एक छोटे बच्चे ने गांव जाकर लोगों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण तालाब पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद अंजली को पानी से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे पहले खारिगांवा अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रेफर कर दिया। लेकिन वहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का है, आगे की कार्रवाई की जा रही है।


