Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मिली जानकारी के अनुसार जगरिया गांव निवासी रौनक कुमार, पिता संतोष कुमार सिंह, 10 मार्च 2026 की शाम करीब 5 बजे अपने दोस्तों के साथ अवंखरा स्थित किसान इंटर कॉलेज के मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान भुवालपुर गांव निवासी सत्येंद्र यादव अपने 8–10 साथियों के साथ वहां पहुंचे और अचानक रौनक कुमार पर हमला कर दिया।पीड़ित के अनुसार हमलावरों ने बैट और डंडे से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और वह मैदान में ही बेहोश होकर गिर पड़ा। साथ में मौजूद दोस्तों ने उसे तुरंत चैनपुर थाना पहुंचाया, जहां से पुलिस ने इलाज के लिए चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेज दिया।
इलाज के बाद रौनक कुमार ने चैनपुर थाने में लिखित आवेदन देकर घटना की जानकारी दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सत्येंद्र यादव उर्फ चंद्रमा कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।



