Bihar, कैमूर (चैनपुर): चैनपुर थाना क्षेत्र के जगरिया गांव में जमीन विवाद के मामले में न्यायालय के आदेश की अनदेखी करना एक युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर भभुआ एसडीओ कोर्ट में पेश किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के अनुसार, जगरिया गांव में खाता नंबर 1, खेसरा नंबर 447 की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। कोर्ट द्वारा दोनों पक्षों को उक्त जमीन पर किसी भी प्रकार की गतिविधि या निर्माण कार्य से रोकने का आदेश जारी किया गया था।
आरोप है कि सुरेंद्र साह (पिता- हीरा साह), निवासी जगरिया, ने कोर्ट के आदेश की अवहेलना करते हुए विवादित भूमि पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया। इसकी सूचना दूसरे पक्ष ने चैनपुर थाने को दी और न्यायालय के आदेश की प्रति भी पुलिस को सौंपी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद संबंधित युवक को हिरासत में ले लिया।
थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि न्यायालय के आदेश की अवहेलना के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत बॉन्ड भरवाने के लिए भभुआ एसडीओ कोर्ट में प्रस्तुत किया जा रहा है। बॉन्ड की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय के आदेश की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।



