कैमूर (बिहार)। चैनपुर थाना क्षेत्र के अवंखरा–हाटा मार्ग पर गुरुवार रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। एक ही रात में घर समेत दो दुकानों को निशाना बनाते हुए बाइक, बैटरी और अन्य सामान की चोरी कर ली गई। घटना को लेकर पीड़ितों ने चैनपुर थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
घर के दरवाजे से उड़ा ले गए बाइक
ग्राम मदुरना निवासी मिम सिंह (पिता–रामकृत सिंह) ने बताया कि 25 फरवरी की रात करीब 9 बजे उन्होंने अपनी लाल रंग की टीवीएस मोटरसाइकिल घर के दरवाजे पर खड़ी की थी। तड़के करीब 4 बजे जब उनकी नींद खुली तो बाइक गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने आशंका जताई है कि अज्ञात चोर बाइक चुरा ले गए।
CCTV तोड़कर दुकान में घुसे
इसी रात हाटा–अवंखरा मार्ग पर हीरो एजेंसी के सामने स्थित नेहा एंटरप्राइजेज (स्वामी–रामनयन सिंह, ग्राम मदुरना) को भी निशाना बनाया गया। चोरों ने पहले दीवार पर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ा, फिर गेट की जाली काटकर दुकान के अंदर घुस गए।
बताया जा रहा है कि कैमरा पूरी तरह टूटने से पहले तक दो संदिग्ध व्यक्तियों की तस्वीर सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई है, जिसे पुलिस खंगाल रही है।
ई-रिक्शा एजेंसी से बैटरी पार
नेहा एंटरप्राइजेज के बगल में स्थित ई-रिक्शा एजेंसी (स्वामी–कन्हैया पटेल, पिता–राधेश्याम पटेल, निवासी मदुरना) से चोर दो बैटरी लेकर फरार हो गए। हालांकि खोजबीन के दौरान एक बैटरी घर के पीछे गेहूं के खेत में बरामद कर ली गई।
प्राथमिकी दर्ज, जांच शुरू
चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि बाइक चोरी, दुकान में तोड़फोड़ और अन्य सामान की चोरी को लेकर प्राप्त आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है और उन्होंने रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।



