Bihar, भभुआ (कैमूर): केंद्रीय बजट को देश के समग्र और दीर्घकालिक विकास की दिशा में एक मजबूत कदम बताते हुए पूर्व श्रम संसाधन मंत्री सह विधान परिषद सदस्य संतोष कुमार सिंह ने कहा कि यह बजट भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करता है। शनिवार को भभुआ स्थित सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बातें कहीं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इस अवसर पर भभुआ विधानसभा क्षेत्र के विधायक भारत बिंद, भाजपा जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश पांडेय, पार्टी महामंत्री संतोष खरवार, रघुवंश राम, वरिष्ठ नेता दीनानाथ सिंह सहित कई भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
नौकरी मांगने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बने युवा, प्रेस वार्ता के दौरान संतोष कुमार सिंह ने कहा कि देश का संवैधानिक ढांचा ऐसा नहीं है कि एक साथ 140 करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी दी जा सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि देश का नागरिक नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने। इसी सोच के अनुरूप केंद्रीय बजट तैयार किया गया है, जिसमें उद्योग, स्टार्टअप और स्वरोजगार को प्राथमिकता दी गई है।
एमएसएमई से मजबूत होगी अर्थव्यवस्था
उन्होंने कहा कि एमएसएमई सेक्टर को सशक्त बनाकर छोटे और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार उद्योग लगाने के लिए वित्तीय सहायता, सरल नीतियां और अनुकूल माहौल उपलब्ध करा रही है, जिससे लोग स्वयं का व्यवसाय शुरू कर सकें और दूसरों को रोजगार दे सकें। इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सभी वर्गों के हितों का संतुलन
पूर्व मंत्री ने दावा किया कि केंद्रीय बजट गरीब, मध्यम वर्ग और संपन्न वर्ग—तीनों को ध्यान में रखकर पेश किया गया है। किसी एक वर्ग को अनुचित लाभ देने के बजाय समावेशी विकास को प्राथमिकता दी गई है, जिससे देश की समृद्धि सुनिश्चित होगी।
बिहार को मिलेगा बजट का लाभ
पत्रकारों के सवालों के जवाब में संतोष कुमार सिंह ने कहा कि इस बजट से बिहार को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि जलपोत एवं जल संसाधन आधारित परिवहन मार्गों के विकास में बिहार को शामिल किया गया है। इससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। गंगा समेत अन्य जलमार्गों के विकास से राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
विपक्ष के पास सकारात्मक एजेंडा नहीं
विपक्ष के हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि जब किसी के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं होता, तब वह केवल आलोचना और नकारात्मक राजनीति करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है और यह विकास जनता के सामने स्पष्ट है।
यूसीजी कानून पर सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा
यूसीजी कानून से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इस मामले में फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाई है। न्यायपालिका पर सभी का भरोसा है और जो भी फैसला आएगा, वह देश और जनता के हित में होगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में संतोष कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा की नीतियां देश को आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित बनाने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही हैं।



