Bihar, कैमूर: जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में बंद मकानों को निशाना बनाकर की जा रही चोरी की घटनाओं ने आम लोगों की नींद उड़ा दी है। नगर पंचायत और आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही वारदातों से दहशत का माहौल है। ताजा मामला नगर पंचायत के वार्ड संख्या 15, सदर चौक के समीप का है, जहां चोरों ने बंद पड़े घर का ताला तोड़कर लाखों की संपत्ति उड़ा ली।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
लाखों के गहने और नकदी पर हाथ साफ
पीड़ित सोनू अंसारी के अनुसार, चोर देर रात उनके किराए के बंद मकान में घुसे और करीब 10 से 12 लाख रुपये मूल्य के आभूषण तथा 2 लाख 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी पड़ोसियों से मिलने के बाद उन्होंने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
एक ही रात में कई घर बने निशाना
जानकारी के मुताबिक, जिस रात यह घटना हुई, उसी रात नगर पंचायत क्षेत्र में कई अन्य घरों में भी चोरी या चोरी की कोशिश की गई। कुछ दिन पहले भी एक ही रात में 8 से अधिक घरों को निशाना बनाए जाने का मामला सामने आया था, जिससे लोगों में रोष है।
पुलिस ने जारी किए संदिग्धों के फोटो
कुदरा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्ध व्यक्तियों की तस्वीरें जारी की हैं। फुटेज में दोनों युवक मुंह ढंके हुए और बैग लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई इनकी पहचान करता है तो तत्काल सूचना दें।
थाना अध्यक्ष नंदू कुमार ने बताया कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा लगाए गए कई सीसीटीवी कैमरे घटना की रात काम नहीं कर रहे थे। ऐसे में आसपास के घरों और दुकानों में लगे निजी कैमरों के फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि घनी आबादी वाले इलाके में भी चोर बेखौफ वारदात को अंजाम दे रहे हैं। नगर पंचायत की ओर से लगाए गए कैमरों के रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है। कई स्थानों पर कैमरे या तो खराब हैं या फिर नियमित रूप से चालू नहीं रखे जाते।
बढ़ी गश्ती और सख्त कार्रवाई की मांग
निवासियों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने और मौजूदा व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। लगातार बढ़ती घटनाओं ने नगर पंचायत क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है, जिससे लोग रात के समय घर छोड़कर जाने में भी हिचकिचा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा।



