Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
शादी से पहले उजड़ा घर
वार्ड 11 के बारी मोहल्ला निवासी रिंकू देवी ने बताया कि उनके घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। पांच बक्से और दीवान तोड़कर करीब 6 लाख रुपये के गहने, महंगे बर्तन और कपड़े चोरी कर लिए गए। “घर में कुछ भी नहीं छोड़ा,” पीड़िता ने कहा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, चोरी की घटनाएं रात करीब 2 बजे हुईं। कुछ घरों में चोर ताला तोड़ रहे थे, लेकिन आहट मिलने पर भाग निकले।
बढ़ता मनोबल, बदला निशाना
पिछले कुछ समय से कुदरा में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। पहले सीमावर्ती इलाकों को निशाना बनाया जा रहा था, लेकिन इस बार चोरों ने बाजार से सटी मुख्य रिहायशी बस्ती को टारगेट किया, जिससे लोगों में भय और आक्रोश है। नगर पंचायत प्रशासन ने हाल ही में सड़कों और बाजारों में सीसी कैमरे लगाए हैं, जिनकी लाइव मॉनिटरिंग पुलिस स्टेशन और नगर पंचायत कार्यालय में की जाती है। इसके बावजूद इतनी बड़ी घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एसपी ने किया निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला गुरुवार को कुदरा पहुंचे। उन्होंने प्रभावित घरों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मोहनिया के एसडीपीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि दो पीड़ितों के आवेदन मिले हैं और रात्रि गश्ती को और सघन किया जाएगा। कुदरा थाना अध्यक्ष नंदू कुमार ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में दो संदिग्ध दिखे हैं। श्वान दस्ता भी बुलाया गया है।
लोगों की मांग
स्थानीय निवासियों ने नियमित गश्ती, संदिग्धों की शीघ्र गिरफ्तारी और सीसीटीवी मॉनिटरिंग की सख्ती से समीक्षा की मांग की है, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो।





