कैमूर (चैनपुर): कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड क्षेत्र में इस वर्ष होली का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रशासन की चुस्त व्यवस्था और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रियता के कारण कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
होलिका दहन से लेकर रंगों के पर्व तक पूरे प्रखंड में प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का लोगों ने पालन किया। इस बार होली के दौरान डीजे पर प्रतिबंध रहने के कारण लोगों ने पारंपरिक तरीके से त्योहार मनाया। जगह-जगह एकल साउंड बॉक्स पर होली के पारंपरिक गीत बजाते हुए लोगों ने शोभायात्रा निकाली और आपसी भाईचारे के साथ पर्व का आनंद लिया।
प्रखंड के नगर पंचायत हाटा, चैनपुर, खरिगांवा, करजी, करजांव सहित अन्य क्षेत्रों में लोगों ने प्रशासनिक गाइडलाइन का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाई। नगर पंचायत हाटा के अध्यक्ष रमेश कुमार जायसवाल ने बताया कि होली को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 2 मार्च को ही स्थानीय लोगों के साथ एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में सभी लोगों ने मिलकर सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने का संकल्प लिया था, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला।
वहीं चैनपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम प्रकाश और थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि होली के दौरान संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन द्वारा डीजे पर रोक और अश्लील गीतों पर प्रतिबंध को लेकर भी लगातार निगरानी रखी गई।
उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र के सभी इलाकों में लोगों ने प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया, जिसके कारण पूरे क्षेत्र में होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।



