Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के अनुसार, 17 मार्च की रात करीब 8:30 बजे एक कंटेनर में बड़ी संख्या में पशु लदे हुए थे। जब यह वाहन खरिगांवा पहुंचा तो स्थानीय ग्रामीणों ने उसे रोक लिया। इसी दौरान गुस्साए लोगों ने वाहन में मौजूद व्यक्ति की पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल व्यक्ति को भीड़ से बचाया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। बाद में उसकी पहचान आजाद खान के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से कंटेनर को जब्त कर चैनपुर थाना लाया, जहां जांच के दौरान वाहन से 48 पशु बरामद किए गए। पशुओं को बाद में सुरक्षित जिम्मेनामा पर सौंप दिया गया। इस मामले में पुलिस की ओर से पहले ही एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें बताया गया था कि ग्रामीणों ने कंटेनर को रोककर मारपीट की थी।
वहीं घायल आजाद खान ने भी अलग से मामला दर्ज कराते हुए 14 नामजद और 30 अज्ञात लोगों पर मारपीट और करीब 60 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, वास्तविक चालक मौके से भाग गया था और ग्रामीणों ने उसे ही चालक समझकर पीट दिया। उसने बताया कि वह दुर्गावती जाने के लिए वाहन पर बैठा था। थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि आजाद खान (पिता– मोहम्मद अजीम खान), निवासी मंसूरपुर थाना दुर्गावती, द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अब दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।



