कैमूर/भभुआ: जिले में स्वरोजगार और सूक्ष्म उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में उद्योग विभाग द्वारा शुक्रवार को एक अहम पहल की गई। जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं भुगतान शिविर का आयोजन किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इस शिविर में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत प्राप्त आवेदनों पर विस्तृत रूप से विचार किया गया।
शिविर में जिला पदाधिकारी के साथ-साथ उप विकास आयुक्त कैमूर, संयुक्त सचिव उद्योग विभाग, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, उद्योग विस्तार पदाधिकारी, सभी बैंकों के जिला समन्वयक, शाखा प्रबंधक, जिला संसाधन सेवा प्रदाता एवं बड़ी संख्या में ऋण आवेदक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के अंतर्गत 6 आवेदनों पर ₹48 लाख तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत 12 आवेदनों पर ₹42 लाख की ऋण स्वीकृति विभिन्न बैंकों द्वारा प्रदान की गई। इस प्रकार कुल 18 लाभार्थियों को ₹90 लाख की ऋण मंजूरी दी गई।
बैठक में इंडियन बैंक, भभुआ की अनुपस्थिति पर जिला पदाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए बैंक के जोनल हेड को पत्र निर्गत करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी बैंकों के जिला समन्वयकों को फरवरी माह में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया।
प्रशासन ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में सहायता मिलेगी।



