Bihar | पूर्णिया: पूर्णिया जिले में बेखौफ अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर घर लौट रहे एक छात्र को गोली मार दी। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र को आनन-फानन में पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
घटना के नगर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, सरस्वती विद्या मंदिर स्थित परीक्षा केंद्र से इंटर की परीक्षा देकर बाहर निकल रहे एक छात्र को बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया। गोली लगने से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल छात्र की पहचान दिव्यांशु कुमार, निवासी भवानीपुर के रूप में की गई है। जख्मी अवस्था में उसे तत्काल इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार छात्र की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दिव्यांशु कुमार ने बताया कि वह सुबह पहली पाली की परीक्षा समाप्त कर परीक्षा केंद्र से बाहर निकल रहा था, तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने अचानक उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही के नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
दिनदहाड़े परीक्षा केंद्र के पास हुई इस गोलीकांड की घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।



