Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रक की रफ्तार तेज थी। वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठे 3 लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गया। मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। ड्राइवर भी भागने की कोशिश करने लगा। तभी थोड़ी ही दूर जाकर उसने 3 और लोगों को रौंद दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पालीगंज अनुमंडल के जयप्रकाश आश्रम के समीप 3 लोग धूप में बैठकर कर शरीर को गर्म कर रहे थे। इसी दौरान महाबलिपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने 3 लोगों को रौंद डाला। भगाने के दौरान ही पालीगंज के धरहरा मोड़ के समीप उसने और अन्य 3 लोगों को भी रौंद डाला। हादसे के शिकार हुए 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि,2 घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। आगजनी भी की और कई वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। आक्रोशित लोगों ने पालीगंज बाजार में दुकानों को भी बंद करवा दिया। सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पालीगंज डीएसपी प्रीतम कुमार अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया।
मामले से सम्बंधित जानकारी लेने पर पालीगंज डीएसपी प्रीतम कुमार ने बताया कि पालीगंज प्रखंड मुख्यालय और धरहरा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक पालीगंज से बिहटा की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक टायर फटने और ब्रेक फेल होने से ट्रक ने दो जगह पर लोगों को रौंद दिया। जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई और 2 अन्य लोग घायल हो गए। जिनका इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान पालीगंज थाना क्षेत्र के धरहरा गांव निवासी मुनेश्वर चौहान के पुत्र राधे चौहान, शिवनाथ पासवान की पत्नी श्याम सुंदर देवी, जंपरा गांव निवासी उपेंद्र मिस्त्री, बड़ी पाकड़ निवासी रामकिशोर साव के पुत्र अर्जुन साव के रूप में किया गया है। जबकि घायलों में संजय मेहता और शिवनाथ पासवान शामिल है।